आध्यात्मिकता कोई खास क्रिया या कोई अलग कर्म करना नहीं है। यह भी नहीं है कि आप बाहरी तौर पर धार्मिक हो गए, हर रोज़ मंदिर जाने लगे, किसी विशेष तरह के कपड़े पहनने लगे, गले में कोई ख़ास माला पहन ली या कोई ख़ास तिलक कर लिया। आध्यात्मिकता इन सब चीज़ों का अर्थ नहीं है।

आध्यात्मिकता यानी जागरूकता

आध्यात्मिकता यानी जागरूकता — हर क्षण में, हर कण में, पल-पल में, उस के प्रति जिसने इस संसार को बनाया है। यह तो ख़ुद में ठहरने का नाम है, रुककर अपने हर कर्म को देखने का नाम है — मैं कर रहा हूँ, वो क्यों और किसलिए कर रहा हूँ। मेरे कर्म कहीं मुझे किसी जाल में तो नहीं फँसा रहे, या मैं किसी और के झूठ या प्रभाव में आकर तो यह सब नहीं कर रहा।

मान लो मैं कुछ ख़रीद रहा हूँ, तो क्यों ले रहा हूँ? कहीं ऐसा तो नहीं कि किसी के दिखावे में आकर मैंने वो सब ख़रीद लिया जो मुझे नहीं ख़रीदना चाहिए था। ये सब आप तभी जान पाते हैं जब आप ख़ुद के प्रति जागरूक रहते हैं और ख़ुद को समझने की कोशिश करते हैं।

त्याग नहीं, जुड़ाव

लोग सोचते हैं आध्यात्मिकता का मतलब है दुनिया छोड़ देना, परिवार छोड़ देना, काम न करना, सब कुछ त्याग देना। नहीं — आध्यात्मिकता का मतलब यह नहीं है, बल्कि यह तो दुनिया में रहकर भी अंदर से जुड़े रहना है। आध्यात्मिक इंसान वो नहीं जो विपत्तियों से, संघर्षों से भाग जाए, बल्कि वो है जो संघर्षों के बीच भी शांत और स्थिर चित्त रहे — जहाँ भी रहे, ख़ुद से जुड़ा रहे, प्रकृति और उसे बनाने वाले परमात्मा से जुड़ा रहे।